टैक्स नहीं दिया तो होगी कुर्की: महापौर ने संपत्ति कर वसूली पर कसा शिकंजा

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल ने सोमवार को राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर संपत्ति कर वसूली की वार्डवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन बड़े बकायेदारों ने बार-बार नोटिस के बावजूद संपत्ति कर जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई प्रस्तावित की जाए।
महापौर ने कहा कि सभी वार्ड प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के बकायेदारों से संपर्क कर उन्हें संपत्ति कर जमा करने के लिए नोटिस जारी करें और वसूली के लिए संबंधित पार्षदों का भी सहयोग लें।
बैठक में बताया गया कि मोरवा जोन के कुछ दुकानदार संपत्ति कर जमा नहीं कर रहे हैं और उनका कहना है कि उनकी संपत्तियां एनसीएल द्वारा अधिग्रहित कर ली गई हैं। इस पर महापौर ने निर्देश दिया कि जो दुकानदार कर जमा नहीं कर रहे हैं, उनके दुकान आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।
महापौर ने कहा कि संपत्ति कर नगर निगम की आय का प्रमुख स्रोत है, जिससे शहर में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने नगरवासियों से समय पर कर भुगतान कर निगम का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में नगर निगम डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













