ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश: सोन घड़ियाल अभ्यारण्य से रेत ले जाने वाले वाहन होंगे राजसात

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री की मौजूदगी में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिज भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए राजस्व, पुलिस और वन विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि अवैध खनन में लिप्त भू-माफियाओं के खिलाफ संयुक्त टीम बनाकर नियमित छापेमारी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर राजस्व, खनिज, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी समन्वय बनाकर कार्रवाई करें।

बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर चिंता जताते हुए निर्देश दिया कि यहां से रेत का अवैध परिवहन करते पकड़े जाने वाले वाहनों को तत्काल जब्त कर राजसात किया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचती है।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस पूरा सहयोग देगी और रात्रि में संवेदनशील क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में एसडीएम सुरेश जाधव, नंदन तिवारी, देवेन्द्र द्विवेदी, जिला परिवहन अधिकारी बिक्रम सिंह राठौर, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button