सीआईएसएफ का 57वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया, रेजिंग डे परेड व वृक्षारोपण आयोजित

सिंगरौली/शक्तिनगर। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को सीआईएसएफ यूनिट एसएसटीपीएस शक्तिनगर में रेजिंग डे परेड का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इकाई प्रभारी कमांडेंट विवेक आर्य के नेतृत्व में परेड आयोजित की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक संदीप नायक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विनीता समाज की प्रेसिडेंट प्रज्ञा नायक, संरक्षिका प्रेसिडेंट अनिता आर्य, संरक्षिका सदस्य तथा सीआईएसएफ के अधिकारी और बल सदस्य भी मौजूद रहे।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में परेड के साथ-साथ मुख्य अतिथि और इकाई प्रभारी द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान बल के जवानों ने अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए शानदार परेड प्रस्तुत की।इस मौके पर कमांडेंट विवेक आर्य ने सभी बल सदस्यों को सीआईएसएफ के 57वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की सुरक्षा एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की रक्षा के लिए उनके समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।













