शादी के एक महीने बाद पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार
सरई क्षेत्र में हुयी अंधी हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र में हुई अंधी हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शादी के महज एक महीने बाद ही पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और उसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 8 मार्च को रजनिया कटरा जंगल के पास सड़क किनारे मोटरसाइकिल के नीचे दबा एक शव मिला था, जिसकी पहचान सीधी जिले के खंतरा निवासी 24 वर्षीय अजय वैश्य के रूप में हुई। प्रारंभिक रूप से मामला दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम और पुलिस जांच में हत्या का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी उमा वैश्य का शादी से पहले अमर बहादुर वैश्य से प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर अजय को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 7 मार्च की शाम उमा ने अजय को मायके बुलाया, जहां रजनिया कटरा जंगल के पास अमर बहादुर और उसके साथी चंद्रप्रताप ने बाइक रुकवाकर गमछे से गला घोंटकर और पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
बाद में शव के ऊपर बाइक रखकर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने अमर बहादुर वैश्य, उमा वैश्य और चंद्रप्रताप उर्फ चंदन वैश्य को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी और थाना प्रभारी सरई जितेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई।













