मध्य प्रदेशसिंगरौली

देश में अघोषित आर्थिक आपातकाल जैसे हालात: आप प्रदेश सचिव

सिंगरौली। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव ने कहा है कि भारत इस समय अघोषित आर्थिक आपातकाल जैसे हालात से गुजर रहा है। उनके अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और मध्य पूर्व तथा खाड़ी देशों में बनी उथल-पुथल का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।

प्रदेश सचिव ने कहा कि इस स्थिति का सीधा प्रभाव खासकर क्रूड ऑयल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पर देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि ईरान के प्रभाव क्षेत्र में स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य से विश्व के लगभग 20 से 25 प्रतिशत तेल और गैस की आपूर्ति होती है, जबकि भारत में कुल आयात का करीब 50 से 60 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से आता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार की ईरान के प्रति अस्पष्ट नीति के कारण ईरान ने भारत के लिए आपूर्ति बाधित कर दी है, जबकि रूस और चीन के लिए यह मार्ग खुला हुआ है। उनका कहना है कि भारत और ईरान के बीच लंबे समय से व्यापारिक संबंध रहे हैं और दोनों देशों के बीच कई बार वस्तु विनिमय प्रणाली के माध्यम से भी व्यापार होता रहा है।

प्रदेश सचिव ने कहा कि अमेरिका के दबाव में आकर भारत को अपनी आर्थिक नीतियों पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कमर्शियल रसोई गैस की सप्लाई बंद होने और घरेलू गैस की उपलब्धता में 25 दिन की समय सीमा तय होने जैसे निर्णय आर्थिक संकट की ओर संकेत करते हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका और ईरान के बीच तनाव या युद्ध जैसी स्थिति बनी रहेगी, तब तक इन हालात में सुधार की संभावना कम दिखाई देती है।

Author

Related Articles

Back to top button