एनसीएल सीएसआर से सिंगरौली ट्रॉमा सेंटर को मिलेंगे अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण
कलेक्टर की मौजूदगी में एनसीएल और स्वास्थ्य विभाग के बीच हुआ एमओयू, जिला अस्पताल की सुविधाएं होंगी और बेहतर

सिंगरौली :कोल इंडिया लिमिटेड की सिंगरौली स्थित अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल के तहत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल की उपस्थिति में एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर के बीच जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह सीएसआर परियोजना सांसद सीधी-सिंगरौली डॉ. राजेश मिश्रा की अनुशंसा पर प्रस्तावित की गई थी, जिसे जिला कलेक्टर द्वारा एनसीएल को प्रेषित किया गया था।
परियोजना के तहत एनसीएल अपने सीएसआर मद से जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराएगी। इनमें कार्डियोलॉजी, सर्जरी एवं ऑपरेशन थिएटर, ऑर्थोपेडिक्स, दंत चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा तथा आपात एवं ट्रॉमा सेवाओं से जुड़े उपकरण शामिल होंगे। इन उपकरणों की उपलब्धता से जिला अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और गंभीर मरीजों को बेहतर एवं त्वरित उपचार मिल सकेगा।
इस अवसर पर कलेक्टर गौरव बैनल ने एनसीएल द्वारा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल जिले के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन ने कहा कि कंपनी अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे।













