अनियंत्रित कोयला लदा ट्रेलर घर की दीवार से टकराया, बड़ा हादसा टला

सिंगरौली। जिले के महदेइया गांव में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। कोयला परिवहन में लगा एक ट्रिप ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर की दीवार से जा टकराया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि टक्कर से घर की दीवार को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह महदेइया क्षेत्र से गुजर रहा कोयला लदा ट्रेलर अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर सीधे सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटने की स्थिति में पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि घर के पास खड़े एक पेड़ से टकराने के कारण ट्रेलर पूरी तरह पलटने से बच गया। यदि पेड़ न होता तो ट्रेलर पलट सकता था और आसपास मौजूद लोगों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।
घटना के बाद ट्रेलर चालक बृजमोहन यादव मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गौरी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
गौरी चौकी प्रभारी रुद्र प्रताप ने बताया कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और यातायात सामान्य रूप से जारी है। ट्रेलर को घटनास्थल से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित ट्रांसपोर्टर और वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।













