एक वर्षीय मासूम की हत्या के आरोपी पिता को माड़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र में अपने ही एक वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या करने वाले पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी मोरवा गौरव पांडेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माड़ा निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे रामाशंकर सिंह घरेलू विवाद को लेकर अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान वह बांस की लाठी से पत्नी को मारने लगा। मारपीट के दौरान लाठी उसके एक वर्षीय बेटे रियान्स सिंह के सिर में लग गई, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोट आई।
परिजनों द्वारा घायल बच्चे को इलाज के लिए जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर बैढ़न ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में माड़ा थाना में अपराध क्रमांक 129/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी रामाशंकर उर्फ रामाशंकर सिंह गोंड (28) निवासी बसौड़ा थाना माड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल वारंट पर जिला जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी माड़ा निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, उपनिरीक्षक बालेन्द्र त्यागी, प्रधान आरक्षक रामसुख यादव, प्रधान आरक्षक संजय सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक बालेन्द्र बिंद, प्रधान आरक्षक गणेश रावत, आरक्षक आकाश सिंह, आरक्षक सुन्दर कास्दे तथा साइबर सेल से आरक्षक प्रशांत केशरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













