सिंगरौली में परिवहन नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, लाखों का चालान

सिंगरौली। जिले में अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और प्रदूषण फैलाने वाले मालवाहक वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश और आरटीओ विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेज चल रही एक क्रेन और दो ट्रिप ट्रेलर को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि कई वाहनों पर चालान कर लाखों रुपये का राजस्व वसूला गया।
चेक-पॉइंट प्रभारी विभा ऊइके के नेतृत्व में परसौना चौकी से तीनगुड़ी चौकी तक सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कई वाहनों पर नियम उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल सामग्री ढोना और प्रदूषण फैलाना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बंधा, पचौर, उज्जैनी और झींगुरदह क्षेत्रों में खुले में रेत, गिट्टी, मिट्टी, कोयला और राख ढोने वाले ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी सख्ती बरती गई। विभाग ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा और प्रदूषण मानकों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से लगभग 4 लाख रुपये से अधिक का शासकीय राजस्व भी वसूला गया। अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए मुड़वानी से झूराई नाला, परसौना से तीनगुड़ी और सरई से निगरी मार्ग को विशेष निगरानी में रखा गया है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सिंगरौली में अब परिवहन नियमों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













