मध्य प्रदेशसिंगरौली

वृद्ध महिला को बेटा-बहू ने घर से निकाला, पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र में एक वृद्ध महिला को उसके ही बेटे और बहू द्वारा घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार बैढ़न थाना क्षेत्र में बड़ी मस्जिद के सामने रहने वाली लगभग 90 वर्षीय उर्मिला देवी, पति स्वर्गीय मोहनलाल मोंदवाल ने शिकायत में बताया कि उनके पति का वर्ष 2017 में निधन हो चुका है। उनके दो बेटे और पांच बेटियां हैं।

पीड़िता का आरोप है कि दोनों बेटों और बहुओं ने उन्हें घर से निकाल दिया है, जिसके कारण वह अपनी बेटी के घर रहने को मजबूर हैं। महिला का कहना है कि उनका बड़ा बेटा अनिल अब इस दुनिया में नहीं है और उसका परिवार दूसरे स्थान पर रहता है, जबकि छोटा बेटा सुनील बैढ़न में ही अपने परिवार के साथ रहता है।

वृद्ध महिला ने शिकायत में बताया कि बेटा और बहू उन्हें घर में रहने नहीं दे रहे हैं और उनके इलाज व खाने-पीने की जिम्मेदारी भी नहीं उठा रहे हैं। 9 मार्च 2026 को जब वह अपनी बेटी के साथ बैढ़न स्थित अपने घर पहुंचीं तो बेटे और उसके परिवार ने उन्हें घर के अंदर जाने से भी रोक दिया।

उर्मिला देवी ने बताया कि वह चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं और ऐसी स्थिति में दर-दर भटकने को मजबूर हो गई हैं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button