जनहित के कार्य जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से करें अधिकारी: कमिश्नर
रीवा संभाग कमिश्नर बी.एस. जामोद ने सिंगरौली में योजनाओं की समीक्षा की; बैढ़न, चितरंगी और देवसर जनपद सीईओ की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश

सिंगरौली। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार सिंगरौली में विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्य पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ किए जाएं। जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमिश्नर ने कहा कि आगामी गर्मियों को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रत्येक बसाहट में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पेयजल से संबंधित शिकायतों का दो दिनों के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने समूह नल-जल और एकल नल-जल योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने बैढ़न, चितरंगी और देवसर जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए उनकी दो-दो वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 19 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू होगा, जिसके लिए दो दिन में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और जांच सुनिश्चित करने, गंभीर एनीमिया से ग्रसित महिलाओं का चिन्हांकन कर उपचार उपलब्ध कराने तथा शिशु व मातृ मृत्यु के मामलों की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण, स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य पूरा करने और ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और सभी योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में जिला एवं संभाग स्तरीय कई अधिकारी उपस्थित रहे।













