मोरवा में पवन शाह हत्याकांड: कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने परिजनों से की मुलाकात, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

सिंगरौली। मोरवा क्षेत्र में हाल ही में हुई युवा पवन शाह की निर्मम हत्या के मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में लगातार प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी के शहर जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने बुधवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव साथ देने का आश्वासन दिया।
श्री चौहान ने शोकाकुल पिता से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पवन शाह की हत्या बेहद दुखद और निंदनीय घटना है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में मोहन सरकार के शासनकाल में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि प्रदेश को एक पूर्णकालिक गृहमंत्री की आवश्यकता है, जो कानून व्यवस्था को सख्ती से संभाल सके।
कांग्रेस नेता ने सिंगरौली और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि इस पर तत्काल कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज को और भी युवा साथियों को खोना पड़ सकता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस इस मामले में चुप नहीं बैठेगी। न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ी जाएगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
अंत में उन्होंने मृतक पवन शाह को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।













