ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में स्कूल और यात्री बसों की सघन जांच, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

सिंगरौली- जिले में विद्यार्थियों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग द्वारा स्कूल बसों और यात्री बसों की सघन जांच की जा रही है। यह अभियान जिला कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में सुरक्षित और अनुशासित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि छात्र-छात्राएं और आम यात्री बिना किसी जोखिम के यात्रा कर सकें। जांच के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी, आपातकालीन द्वार, घबराहट बटन, जीपीएस प्रणाली, सुरक्षित सीट व्यवस्था, किराया सूची और महिलाओं व दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सीटों की व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसके साथ ही बसों की तकनीकी स्थिति जैसे ब्रेक, टायर, लाइट, हॉर्न और अन्य आवश्यक उपकरणों की भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार यह भी देखा जा रहा है कि चालक के पास वैध भारी वाहन चलाने का लाइसेंस हो, वह अनुभवी हो और वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाया जा रहा हो। आवश्यकता के अनुसार बसों में प्रशिक्षित परिचारक या महिला परिचारिका की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि केवल फिटनेस प्रमाणित बसों का ही संचालन किया जाए और बसों पर विद्यालय का नाम, पता व संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। इसके अलावा सीट क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी बस में ओवरलोडिंग, तेज गति या सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित बस संचालक, चालक और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल सुरक्षित और मान्यता प्राप्त वाहनों का ही उपयोग करें।

Author

Related Articles

Back to top button