गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने की मांग, उपभोक्ताओं के घर आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील

सिंगरौली। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती किल्लत और कालाबाजारी को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने मांग की है कि गैस एजेंसियों द्वारा गोदाम से सीधे सिलेंडर देने की व्यवस्था बंद कर उपभोक्ताओं के घर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
पार्टी के मध्य प्रदेश राज्य परिषद सदस्य संजय नामदेव ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि यह स्थिति मध्य प्रदेश सरकार की लापरवाही और अदूरदर्शिता के कारण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की कालाबाजारी खुलेआम हो रही है, लेकिन इसे रोकने के लिए सरकार की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कई गैस एजेंसी संचालक बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं के घर सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था बंद कर चुके हैं। इसके बजाय लोगों को सीधे गोदाम से सिलेंडर लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है और वहां मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संजय नामदेव ने आशंका जताई कि स्थानीय स्तर पर गैस एजेंसी संचालकों और कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत के कारण ही यह स्थिति बनी हुई है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि गोदाम से सिलेंडर वितरण की व्यवस्था तुरंत बंद कर उपभोक्ताओं के घर तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
पार्टी ने यह भी मांग की है कि रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी विभिन्न जिलों में कलेक्टर और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगी। यदि इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।













