बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

एमपी में बदलेगा मौसम: 18 मार्च तक आंधी-बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत

भोपाल। तेज गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मध्य प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई है। रविवार 15 मार्च को प्रदेश के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों के कई जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च तक प्रदेश में बादल, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम में बदलाव होगा। 17 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

इन जिलों में बारिश की संभावना

15 मार्च को ग्वालियर, मुरैना, भिंड सहित जबलपुर संभाग के छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में हल्की बारिश हो सकती है।

16 मार्च को बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश के आसार हैं। 17 और 18 मार्च को भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में जारी है तेज गर्मी

शनिवार को प्रदेश में कई जिलों में तापमान 37 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6.9 डिग्री अधिक है।

वहीं भोपाल में 37.2 डिग्री, इंदौर में 36.6 डिग्री, ग्वालियर में 34.1 डिग्री और जबलपुर में 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और बादलों के कारण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button