एसडीएम कार्यालय में शराब पीने के आरोप, दो कर्मचारियों को नोटिस; जांच समिति गठित

रीवा। रीवा के एसडीएम (हुजूर) कार्यालय में रात के समय शराब पीने के आरोप में दो कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी ने सहायक वर्ग-3 कर्मचारी दिलीप पाल और धर्मेन्द्र पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
जारी नोटिस में कहा गया है कि मीडिया में प्रसारित खबरों के अनुसार 13 मार्च की रात करीब 10 बजे दोनों कर्मचारियों को एसडीएम कार्यालय परिसर के अंदर शराब पीते हुए देखा गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने इसे कार्यालय की छवि धूमिल करने वाला आचरण बताया है।
प्रशासन के अनुसार यह कृत्य कर्मचारियों की घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता को दर्शाता है, जो मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विरुद्ध है। दोनों कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मामले की जांच के लिए नायब तहसीलदार (हुजूर) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति भी गठित की गई है। समिति को निर्देश दिया गया है कि दो दिन के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।













