चितरंगी में दमकल केंद्र नहीं, आग लगने पर किसानों की फसल भगवान भरोसे: लक्ष्मण बैस
गर्मी शुरू होते ही खलिहानों में बढ़ा आग का खतरा, क्षेत्रवासियों ने उठाई अग्निशमन केंद्र की मांग

सिंगरौली। चितरंगी क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र की व्यवस्था न होने से किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही खेतों और खलिहानों में आग लगने का खतरा मंडराने लगा है, लेकिन पूरे क्षेत्र में आग बुझाने के लिए स्थायी दमकल व्यवस्था नहीं है।

जानकारी के अनुसार सिंगरौली जिले के चितरंगी ब्लॉक में आज तक एक भी अग्निशमन केंद्र स्थापित नहीं किया गया है। ऐसे में किसी गांव, खेत या खलिहान में आग लगने पर दमकल वाहन करीब 60 किलोमीटर दूर सिंगरौली शहर या एनसीएल क्षेत्र से बुलाना पड़ता है। कई बार जब तक दमकल पहुंचती है, तब तक आग से मकान, दुकान और किसानों की सालभर की मेहनत से तैयार फसल जलकर राख हो जाती है।
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी लक्ष्मण बैस ने कहा कि गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन क्षेत्र में अग्निशमन की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस कमी के कारण कई बार किसानों की मेहनत आग की भेंट चढ़ जाती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि चितरंगी क्षेत्र राधा सिंह के विधानसभा क्षेत्र में आता है, इसके बावजूद यहां अग्निशमन केंद्र स्थापित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि चितरंगी ब्लॉक में जल्द से जल्द पूर्णकालिक अग्निशमन केंद्र खोला जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत मिल सके और किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी आगजनी की घटना प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर सकती है।













