मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली की व्यवस्था संभाल नहीं पा रहीं प्रभारी मंत्री: आप प्रदेश सचिव

चितरंगी में 200 से ज्यादा हैंडपंप उत्खनन के बाद भी अधूरे, गर्मी से पहले जल संकट की चेतावनी

सिंगरौली। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव ने सिंगरौली जिले में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री सम्पतिया उइके पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिले में मुख्यमंत्री अधोसंरचना एवं डीएमएफ योजना के तहत चितरंगी विधानसभा क्षेत्र में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 200 से अधिक हैंडपंपों का उत्खनन कराया गया, लेकिन अब तक उनमें पाइप और हैंडपंप सेट नहीं लगाए गए हैं, जिससे उनकी उपयोगिता शून्य बनी हुई है।

आप नेता का आरोप है कि जिस जिले की प्रभारी मंत्री स्वयं पीएचई विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, वहां पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्था भी सही ढंग से संचालित नहीं हो पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अधोसंरचना और डीएमएफ की राशि आखिर कहां खर्च हुई और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि चितरंगी के दूरस्थ इलाकों में मार्च माह से ही पानी की किल्लत शुरू हो चुकी है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो अप्रैल, मई और जून में भीषण जल संकट की स्थिति बन सकती है।

आप प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया कि जिला प्रबंध समिति की बैठक भोपाल में आयोजित कर स्थानीय समस्याओं से बचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी जिले में आंदोलन करने को मजबूर होगी।

Author

Related Articles

Back to top button