छतरपुर-कानपुर के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत

छतरपुर। छतरपुर से कानपुर के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है। इस ट्रेन के शुरू होने से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और क्षेत्रीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है।
अब तक सुमेरपुर और मौदहा क्षेत्र के लोगों को कानपुर जाने के लिए सीमित रेल सेवाओं या सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था। नई इंटरसिटी एक्सप्रेस के शुरू होने से व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को एक सुविधाजनक और समय बचाने वाला विकल्प मिल गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह ट्रेन छतरपुर से चलकर खजुराहो और महोबा होते हुए सुमेरपुर और मौदहा स्टेशनों पर ठहराव करते हुए कानपुर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर रुकने से यात्रियों को अब लंबी प्रतीक्षा या वैकल्पिक साधनों की परेशानी से राहत मिलेगी।
उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह विशेष ट्रेन कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से महाराजा छत्रसाल स्टेशन के बीच चलाई जा रही है।
इस ट्रेन की खास बात यह है कि इसमें कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिससे अधिक संख्या में यात्री यात्रा कर सकेंगे। नई सेवा से क्षेत्रीय विकास को गति मिलने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













