संसद में गूंजे विंध्य-बुंदेलखंड के रेलवे मुद्दे, सांसद गणेश सिंह ने रखीं कई मांगें

सतना। सतना से सांसद गणेश सिंह ने लोकसभा में क्षेत्र से जुड़े रेलवे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने लगभग 22 मिनट तक विंध्य-बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास और रेलवे परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल ने पिछले वर्षों में आय, खर्च और परियोजनाओं के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2014 के बाद रेल दुर्घटनाओं में कमी आई है, जो बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।
सतना स्टेशन के विकास में तेजी की मांग
सांसद ने कहा कि सतना रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने का कार्य जारी है, लेकिन इसकी गति धीमी है। उन्होंने रेल मंत्री से इस परियोजना में तेजी लाने की मांग की, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही स्टेशन के पास प्रस्तावित लगभग 10 एकड़ भूमि पर बनने वाले कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का कार्य शीघ्र शुरू कराने का भी आग्रह किया।
माल गोदाम शिफ्ट करने का सुझाव
शहर के बीच स्थित माल गोदाम से ट्रैफिक जाम की समस्या का जिक्र करते हुए सांसद ने इसे कैमा रेलवे स्टेशन स्थानांतरित करने का सुझाव दिया, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था सुगम हो सके।
नई रेल लाइन और ट्रेनों की मांग
सांसद गणेश सिंह ने ललितपुर-सिंगरौली रेल मार्ग के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने इसे विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इसके अलावा मैहर रेलवे स्टेशन पर गरीब रथ ट्रेन के ठहराव तथा वंदे भारत एक्सप्रेस को रीवा-सतना-चित्रकूट-कानपुर होते हुए दिल्ली तक संचालित करने की मांग भी सदन में उठाई।
सांसद की इन मांगों को क्षेत्रीय विकास और बेहतर रेल सुविधाओं की दिशा में अहम माना जा रहा है।













