50 करोड़ के बंगले पर नगर निगम का कब्जा, स्वास्थ्य कार्यालय शुरू

जबलपुर। शहर के राइट टाउन क्षेत्र में स्थित स्वर्गीय डॉ. हेमलता श्रीवास्तव के करीब 50 करोड़ रुपए मूल्य के बंगले पर आज सुबह नगर निगम ने कानूनी कार्रवाई करते हुए कब्जा कर लिया। नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार की मौजूदगी में निगम की टीम ने करीब 25 हजार वर्गफीट की इस संपत्ति को अपने अधीन लेकर यहां स्वास्थ्य शाखा का वार्ड कार्यालय प्रारंभ कर दिया।
कमिश्नर के अनुसार यह जमीन नगर निगम द्वारा लीज पर दी गई थी, लेकिन लीज की शर्तों का उल्लंघन पाया गया। जमीन आवासीय उद्देश्य के लिए दी गई थी, जबकि यहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। साथ ही वार्षिक लीज रेंट का भुगतान भी नहीं किया गया। आदेश में स्पष्ट था कि संपत्ति का हस्तांतरण नहीं किया जा सकता, इसके बावजूद कई लोगों ने इस पर दावा जताया।
कार्रवाई के दौरान कमरों में रखे सामान की वीडियोग्राफी कराई गई और परिसर को निगम के नियंत्रण में ले लिया गया। पीछे रह रहे कर्मचारियों को भी हटा दिया गया।
बताया जाता है कि डॉ. सुमित जैन और डॉ. प्राची जैन ने दान पत्र के माध्यम से 11 हजार वर्गफीट जमीन अपने नाम करवाई थी, वहीं गायत्री मंदिर ट्रस्ट ने भी पूरी संपत्ति पर दावा किया था। मामले को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हैं।













