मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में अजीब मामला: महिला की मौत दो बार दर्ज, जमीन हड़पने का आरोप

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की मौत सरकारी रिकॉर्ड में दो बार दर्ज कर दी गई। मामले के पीछे जमीन हड़पने की साजिश की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, धतूरा गांव निवासी कलावती उपाध्याय की मृत्यु वर्ष 1989 में हो चुकी थी। उस समय उनका विधिवत अंतिम संस्कार किया गया था और मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी हुआ था।

लेकिन करीब 24 साल बाद, 16 अक्टूबर 2013 को एक और दस्तावेज सामने आया, जिसमें उसी महिला की दोबारा मृत्यु दर्ज कर दी गई।
बताया जा रहा है कि महिला के नाम की जमीन को अपने नाम कराने के लिए कुछ परिजनों और रिश्तेदारों ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया। इसके आधार पर तहसील स्तर पर नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

मामले की जांच में सामने आया कि नगर निगम के जन्म-मृत्यु रजिस्टर में महिला की मृत्यु 25 फरवरी 1989 को ही दर्ज है। इसके बावजूद दूसरा प्रमाण पत्र जारी होना गंभीर लापरवाही या मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
एसडीएम की जांच रिपोर्ट में भी गड़बड़ी का उल्लेख किया गया है। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल शिकायत जनसुनवाई में पहुंच चुकी है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button