सिंगरौली में ईद का जश्न: मस्जिदों में अदा हुई नमाज, अमन-चैन की मांगी गई दुआ

सिंगरौली। जिले भर में शनिवार को माह-ए-रमजान के समापन के बाद ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया। मोरवा, बैढ़न, माड़ा, चितरंगी, सरई, खुटार, बरगवां, देवसर, लंघाडोल, नवजीवन विहार, रजमिलान और खटाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में एकत्र होकर नमाज अदा की और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
बैढ़न जामा मस्जिद में विशेष आयोजन
बैढ़न स्थित जामा मस्जिद में सदर शाहनवाज खान के नेतृत्व में ईद की नमाज अदा की गई। इस अवसर पर जुल्फिकार अली सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। नमाज के दौरान हजारों नमाजियों ने अल्लाह की इबादत में सिर झुकाकर देश की तरक्की, भाईचारे और शांति की कामना की।

मस्जिदों में उमड़ी भीड़
शनिवार सुबह गोसलवारा जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद) और मदीना मस्जिद सहित अन्य ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचे। मदीना मस्जिद में मोहम्मद इफ्तखार ने नमाज अदा कराई, जबकि गोसलवारा जामा मस्जिद में मौलाना मोहम्मद इम्तियाज ने नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और घर-घर जाकर खुशियां बांटी।
बच्चों में दिखा खास उत्साह
ईद के मौके पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद बच्चों ने बड़ों से ईदी प्राप्त की, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। दिनभर ईद मिलन का दौर चलता रहा और देर शाम तक त्योहार का उल्लास बना रहा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
ईद के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मस्जिदों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीओपी गौरव पांडेय, मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी, बैढ़न कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार, माड़ा थाना प्रभारी शिव पूजन मिश्रा, विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी, सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया, नवागढ़ अनिल पटेल, चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी और गढ़वा थाना प्रभारी विद्या बारिधि तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।पूरे जिले में ईद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ, जहां हर वर्ग के लोगों ने मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।












