बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसीधी

सीएम मोहन यादव का सीधी में ‘एक्शन’: आकस्मिक निरीक्षण के बाद कलेक्टर सोमवंशी को हटाया, सहकारी बैंक जीएम निलंबित

सीधी।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अचानक सीधी जिले के दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जिले में बड़ी प्रशासनिक गाज गिरी है। जनता और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों तथा विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा के बाद, मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधी के जिला कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दे दिए हैं। इसके साथ ही महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पीएस धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जवाबदेही से काम करें अधिकारी: मुख्यमंत्री
इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (एक्स) पर साझा की। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा, “अधिकारी जहाँ काम कर रहे हैं, उनको जवाबदारी से काम करना चाहिए। जवाबदारी उनकी नियुक्ति के साथ ही होती है।” मुख्यमंत्री के इस कड़े कदम से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

सर्किट हाउस में सुनीं जनसमस्याएं, लापरवाही पर दी चेतावनी
इससे पूर्व अपने आकस्मिक दौरे में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के दौरों से वास्तविक समस्याओं की पहचान होती है और प्रशासन को आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने की दिशा मिलती है। सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचे। लापरवाही या उदासीनता पर कठोर कार्यवाही की चेतावनी दी गई, जिसका असर कलेक्टर को हटाने के रूप में तुरंत देखने को भी मिला।

निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट भवन की धीमी गति पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति की जानकारी ली। कलेक्ट्रेट के निर्माणाधीन भवन की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पनवार हवाई पट्टी से उड़ेगी एयर एंबुलेंस
आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने पनवार हवाई पट्टी के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जरूरतमंदों के लिए यहाँ से जल्द ही ‘एयर एंबुलेंस’ सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

बॉक्स: मुख्यमंत्री के सीधी आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अपने आकस्मिक दौरे पर सबसे पहले पनवार हवाई पट्टी पहुंचे। यहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से तत्कालीन कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री की अगवानी की।

Author

Related Articles

Back to top button