
सोनितपुर। असम के सोनितपुर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर उस समय हुआ, जब एक एम्बुलेंस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस ट्यूलिप टी गार्डन से एक मरीज और उसके परिजनों को लेकर तेजपुर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल जा रही थी। इसी दौरान ढेकियाजुली थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया।
सोनितपुर के एसएसपी के मुताबिक, दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।













