खंडवा में बुलडोजर कार्रवाई के बाद हड़कंप, बाजार में अतिक्रमण से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था

खंडवा। शहर में रेलवे की जमीन पर बने करीब 30 मकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। संजय नगर वार्ड में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वर्षों से यहां रह रहे लोगों ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व नोटिस के उनके मकान तोड़ दिए गए, जिससे उन्हें अचानक बेघर होना पड़ा और लोग अपना सामान निकालकर खुले में आ गए।
इधर, त्योहार और शादी के सीजन में बाजारों में बढ़ी भीड़ के बीच शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा गई है। घंटाघर चौक, बुधवारा बाजार और रेलवे स्टेशन रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर ठेला व्यवसायियों का अतिक्रमण बढ़ गया है। हाकर्स जोन में शिफ्ट किए गए कई व्यापारी दोबारा सड़कों पर लौट आए हैं और सड़क तक सामान फैलाकर बैठ रहे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थिति यह है कि न तो नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता सक्रिय दिख रहा है और न ही ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी कार्रवाई नजर आ रही है। घंटाघर चौक पर कटलरी और रेडीमेड कपड़ा विक्रेताओं के साथ मिट्टी के बर्तन बेचने वालों ने भी सड़क तक कब्जा जमा लिया है, जिससे जाम की स्थिति बन रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई कर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है।












