अंधेरे में डूबा हार्रा चंदेल गांव, बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, वीडियो वायरल

सिंगरौली (देवसर)। ग्राम पंचायत हार्रा चंदेल में लंबे समय से बिजली कटौती की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शनिवार को हालात तब और बिगड़ गए जब दोपहर करीब 3 बजे से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए।
परेशान ग्रामीणों ने अंधेरे में ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर से ही लाइन काट दी गई है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में बिजली ठप हो गई है।
शिकायत करने वालों में नारायण मिश्रा, विकास मिश्रा, रामसुभग वर्मा, राधाकमल मिश्रा और देवेंद्र मिश्रा सहित कई लोग शामिल हैं। उनका कहना है कि सभी उपभोक्ताओं ने नियमित रूप से बिजली बिल जमा किया है, इसके बावजूद बिना किसी सूचना के आपूर्ति बंद कर दी गई।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल बिजली बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।












