सिंगरौली में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत

सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलियारी में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान छोटे लाल सिंह (47 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नया टोला चांदनी बिहारपुर का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह माड़ा से अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही माड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर नियंत्रण की मांग करते हुए सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई है।












