सहुआर में सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश, पंचायत के लगाए पेड़ काटे

सिंगरौली- देवसर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सहुआर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खसरा क्रमांक 1105 की शासकीय भूमि पर कुछ दबंगों द्वारा कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि उक्त भूमि पर ग्राम पंचायत ने पूर्व में वृक्षारोपण कराया था, लेकिन अब कब्जे की नीयत से लगाए गए पेड़ों को काटा जा रहा है। इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित थी और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से यहां पौधारोपण किया गया था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पेड़ों की कटाई से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति हो रही है। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और ग्रामीणों ने जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता और सख्ती दिखाता है, ताकि सरकारी जमीन की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।












