पेट्रोल पंपों पर नियम ताक पर: न हवा, न पानी, शिकायत पुस्तिका भी गायब

सीधी। जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ता सुविधाएं पूरी तरह से नदारद हैं। नियमों के अनुसार पंपों पर मुफ्त हवा, शुद्ध पेयजल और शिकायत पुस्तिका उपलब्ध कराना अनिवार्य है, लेकिन हकीकत में इन सुविधाओं की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि 90 प्रतिशत पंपों पर न तो हवा भरने की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी या शौचालय की सुविधा। कई जगह उपकरण सिर्फ दिखावे के लिए रखे गए हैं, जबकि शौचालयों की हालत भी बेहद खराब है, जिससे खासकर महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।
शिकायत करने का भी नहीं साधन
पंपों पर शिकायत पुस्तिका तक उपलब्ध नहीं है, जिससे उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। कंपनियां भी डीलरों पर कार्रवाई नहीं कर रही हैं, जिससे मनमानी बढ़ती जा रही है।
मिलावट और कम नाप की शिकायतें
कई उपभोक्ताओं ने पेट्रोल-डीजल में मिलावट और कम नाप की भी शिकायत की है। इससे महंगाई से जूझ रहे लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई कर उपभोक्ता सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।












