स्विगी ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, हर ऑर्डर अब पड़ेगा महंगा

नई दिल्ली। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy ने ग्राहकों को झटका देते हुए अपनी प्लेटफॉर्म फीस में करीब 17% की बढ़ोतरी कर दी है। अब हर ऑर्डर पर 17.58 रुपये (जीएसटी सहित) शुल्क देना होगा, जो पहले 14.99 रुपये था। यानी प्रति ऑर्डर 2.59 रुपये की वृद्धि की गई है।
कंपनी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी प्लेटफॉर्म के संचालन और रखरखाव के खर्च को संभालने के लिए की गई है। इससे पहले अगस्त 2025 में भी स्विगी ने प्लेटफॉर्म फीस में करीब 2 रुपये का इजाफा किया था, जब इसे 12 रुपये से बढ़ाया गया था।
इस बीच, प्रतिस्पर्धी कंपनी Zomato ने भी हाल ही में अपने प्लेटफॉर्म शुल्क में बढ़ोतरी की थी। जोमैटो ने फीस में 19.2% यानी 2.40 रुपये प्रति ऑर्डर का इजाफा किया था। इसके बाद उसकी प्लेटफॉर्म फीस 12.5 रुपये से बढ़कर 14.90 रुपये (जीएसटी से पहले) हो गई, जो टैक्स सहित लगभग 17.58 रुपये प्रति ऑर्डर बैठती है।
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में एलपीजी की कीमतों में इजाफा हुआ है, जिससे रेस्टोरेंट्स की लागत बढ़ी है और इसका असर ग्राहकों पर भी पड़ रहा है।
शेयर बाजार की बात करें तो स्विगी के शेयरों में हल्की तेजी देखी गई। दोपहर 12:30 बजे कंपनी का शेयर 2.55% बढ़कर 279.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, बीते एक हफ्ते में शेयर 5% से ज्यादा और एक महीने में 10% से अधिक गिर चुका है। वहीं, पिछले छह महीनों में इसमें 36% से ज्यादा की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
कुल मिलाकर, प्लेटफॉर्म फीस में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा और हर ऑनलाइन फूड ऑर्डर अब पहले से महंगा हो जाएगा।













