सिंगरौली में संदिग्ध हालत में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

सिंगरौली। जिले के जयंत क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 25 वर्षीय युवक आशीष कुशवाहा का शव उसके घर के सामने संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर तीन गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए जाने जैसे निशान भी मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या किसी हादसे का।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।













