पीएम आवास निर्माण पर विवाद, दलित परिवार पर हमले और बेदखली का आरोप
गरीब दलित परिवार महिलाओ बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लगायी न्याय की गुहार

सिंगरौली: सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटार चौकी के ग्राम बरौहा में एक दलित परिवार पर हमला करने और घर से बेदखल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, 24 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे मनोज बसोर के भाई राजेश बसोर को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई थी। जब परिवार अपनी पट्टे की जमीन पर निर्माण कार्य कर रहा था, तभी गांव के कुछ लोगों ने विरोध करते हुए कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी।पीड़ितों का आरोप है कि 10-15 लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें मनोज बसोर, दिनेश बसोर और आंचल बसोर घायल हो गए। परिवार का यह भी कहना है कि आरोपियों ने उन्हें घर से बाहर निकालकर कब्जा कर लिया और घर में रखे जेवर, नकदी व अनाज भी ले गए।पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार जान से मारने और घर में आग लगाने की धमकियां दी जा रही हैं। घटना के बाद परिवार भय के चलते अन्यत्र शरण लेने को मजबूर है।मामले में पहले हरिजन थाना बैढ़न में सूचना दी गई थी, जिसके बाद अब परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।













