मध्य प्रदेशसिंगरौली

मोबाइल को लेकर नाराज नाबालिग घर से निकली, तीन शहरों से खोजकर मोरवा पुलिस ने किया सकुशल बरामद

सिंगरौली: सिंगरौली जिले में मोबाइल उपयोग को लेकर परिजनों से नाराज एक नाबालिग छात्रा आधी रात घर से निकल गई। मोरवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन शहरों में तलाश कर उसे सकुशल बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, मोरवा क्षेत्र की 17 वर्षीय छात्रा 22 मार्च की रात करीब 2:30 बजे घर से चली गई थी। परिजनों ने 23 मार्च को मोरवा थाने में सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि नाबालिग की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram के जरिए दो युवकों से हुई थी। बताया गया कि छात्रा ने दोनों को बुलाया और उनके साथ स्कूटी से घर से निकल गई। इसके बाद वह पहले प्रयागराज और फिर कानपुर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश और एसडीओपी गौरव पांडे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले जबलपुर, फिर प्रयागराज और अंततः कानपुर पहुंचकर छात्रा को सुरक्षित बरामद किया गया।

पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को भी हिरासत में लिया है, जो उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उनसे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज कर उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर बच्चों द्वारा जल्दबाजी में लिए गए फैसले उन्हें जोखिम भरी परिस्थितियों में डाल सकते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button