कलेक्टर की कुर्सी पर बैठा युवक, बोला- “सजा देनी है तो दे दीजिए”, वीडियो वायरल

सिंगरौली: सिंगरौली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात युवक कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर की कुर्सी पर बैठ गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक बेखौफ अंदाज में कहता नजर आ रहा है, “मुझे कलेक्टर साहब की कुर्सी पर बैठना था, मैं आया और बैठ गया।” जब उससे पूछा गया कि क्या उसे सजा का डर नहीं है, तो उसने जवाब दिया, “मैंने कब मना किया है, मुझे सजा दीजिए।”
घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जबकि वीडियो गुरुवार को सामने आया। युवक के व्यवहार को देखकर स्थानीय लोग और प्रशासन यह आशंका जता रहे हैं कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
इस मामले में कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि उन्हें प्रारंभिक जानकारी नहीं थी और वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है। पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है।
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले दिलीप मिश्रा के अनुसार, युवक ने खुद उनसे अपना वीडियो बनाने और वायरल करने को कहा था। घटना के बाद कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।













