रामनवमी पर मोरवा में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, तैयारियां पूरी

सिंगरौली। रामनवमी के पावन अवसर पर मोरवा क्षेत्र में शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर राम भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जानकारी के अनुसार, शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर करीब 2 बजे वार्ड क्रमांक 4 स्थित रामजानकी मंदिर और पुरानी बाजार स्थित हनुमान मंदिर से होगा। श्रद्धालु महावीरी ध्वज के साथ “जय श्रीराम” के जयकारे लगाते हुए यात्रा की शुरुआत करेंगे। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए निर्धारित स्थलों तक पहुंचेगी, जहां जगह-जगह स्वागत एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रामनवमी सेवा समिति के सदस्य राजेश सिंह ने बताया कि शोभायात्रा में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल होंगे। युवाओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है। बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर भक्तगण भक्ति भाव से झूमते हुए यात्रा में शामिल होंगे।
पूरे शहर में रामनवमी के उपलक्ष्य में भगवा ध्वज और पताकाओं से सजावट की गई है, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया है। वहीं, प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
आयोजकों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बिना किसी हथियार के शोभायात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।













