श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर दुधमनिया में 20 अप्रैल अक्षय तृतीया पर 108 बटुकों के संस्कार का लक्ष्य, पंजीयन 15 अप्रैल तक

सिंगरौली-सिंगरौली जिले के श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर सत्संग नगर दुधमनिया में भारतीय सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण संस्कारों में से एक व्रतबंध संस्कार को बढ़ावा देने हेतु इस वर्ष भी अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 20 अप्रैल 2026 को सामूहिक व्रतबंध संस्कार का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों द्वारा इस वर्ष 108 ब्राह्मण बटुकों के व्रतबंध संस्कार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक बालकों को वैदिक संस्कारों से जोड़ा जा सके।
यह आयोजन समाज में धार्मिक जागरूकता, संस्कारों के संरक्षण और नई पीढ़ी को धर्म के मार्ग पर अग्रसर करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी अभिभावकों एवं श्रद्धालुजनों से अपील की है कि वे अपने योग्य बटुकों का पंजीयन निर्धारित अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 तक अवश्य कराएं, ताकि वे इस पुण्य अवसर का लाभ प्राप्त कर सकें।व्रतबंध संस्कार में सम्मिलित होने हेतु इच्छुक बटुकों की जानकारी हेतु संपर्क के लिए श्रवण कुमार पाठक, गुंजारी लाल तिवारी, महेश्वर देव पाण्डेय, सांत्री प्रसाद तिवारी एवं श्याम सुन्दर शुक्ला से संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम का आयोजन गुंजारी लाल तिवारी, ग्राम दुधमनिया, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के द्वारा किया जा रहा है। यह संस्कार समारोह श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर, सत्संग नगर, दुधमनिया, जिला सिंगरौली (म.प्र.) में संपन्न होगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुजनों से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और धर्म एवं संस्कार की इस परंपरा को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।













