त्योहारों से पहले सिंगरौली पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन और CCTV से कड़ी निगरानी
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई सतर्कता; सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती

सिंगरौली।त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगरौली पुलिस ने गुरुवार को जिला मुख्यालय सहित सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की।
नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम, उप पुलिस अधीक्षक रोशनी कुर्मी और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में बैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर थाना क्षेत्रों में विशेष फ्लैग मार्च निकाला गया। इसके अलावा जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ड्रोन और CCTV से निगरानी तेज
पुलिस ने जिला मुख्यालय सहित संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग शुरू किया है। वहीं शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे CCTV कैमरों के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और भाईचारे को बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।













