पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती, नहीं बढ़ेंगे दाम

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती की घोषणा की है। सरकार ने दोनों ईंधनों पर 10-10 रुपए प्रति लीटर की कमी की है।
नई दरों के अनुसार, पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए कर दी गई है, जबकि डीजल पर लागू 10 रुपए प्रति लीटर की ड्यूटी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखा जा रहा है। यूएस-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण कच्चे तेल के दाम 73 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।
तेल कीमतों में इस तेजी से देश की तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ गया था, जिससे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका थी। हालांकि, सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर कीमतों को स्थिर बनाए रखने का प्रयास किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और महंगाई पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिल सकती है।













