36 साल की सेवा के बाद प्रधान आरक्षक को सम्मानित विदाई, एसपी ऑफिस में गरिमामय समारोह

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को एक भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए प्रधान आरक्षक जमुना सिंह मरावी को ससम्मान विदाई दी गई। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने 36 वर्षों की उल्लेखनीय सेवा पूरी करने पर जमुना सिंह मरावी को शाल, श्रीफल, पुलिस स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।समारोह में रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सूबेदार आशीष तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त अधिकारी के परिजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर जमुना सिंह मरावी ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग के साथ बिताए समय को याद किया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने उनकी कार्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।













