एनसीएल ने समय से पहले वार्षिक कोयला उत्पादन लक्ष्य को किया पार
लक्ष्य से अधिक उत्पादन करने की वर्षों की परंपरा को रखा जारी

सिंगरौली- देश की ऊर्जा संरक्षा को समर्पित कोल इंडिया लिमिटेड की सिंगरौली स्थित मिनीरत्न कंपनी एनसीएल ने सोमवार को प्रथम पाली तक 140 मिलियन टन कोयला उत्पादन कर एक दिन शेष रहते वार्षिक कोयला उत्पादन लक्ष्य को हासिल कर इतिहास रच दिया।
‘’कोयला है तो भरोसा है’ की परिकल्पना को चरितार्थ करते हुए, 140 मिलियन टन का यह ऐतिहासिक उत्पादन राष्ट्र की प्रगति के प्रति टीम एनसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मौजूदा ऊर्जा परिदृश्य में, घरेलू स्तर पर उत्पादित कोयला एक बार फिर भारत के बिजली क्षेत्र की एक भरोसेमंद रीढ़ साबित हो रहा है। इस संदर्भ में, एनसीएल के लगातार और बढ़े हुए उत्पादन ने तापीय बिजली संयंत्रों को कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है।
अपनी 10 मशीनीकृत ओपनकास्ट खदानों के माध्यम से एनसीएल वर्षों से लगातार वार्षिक उत्पादन लक्ष्यों को हासिल करते आ रही है, जो इसकी निरंतर परिचालन उत्कृष्टता को रेखांकित करती है।
एनसीएल की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि कोयला देश के लिए सबसे किफायती उपलब्ध ऊर्जा संसाधन बना हुआ है, और आने वाले वर्षों में भी यह बिजली उत्पादन के प्रमुख स्रोत के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
एनसीएल प्रबंधन ने कंपनी की इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए टीम एनसीएल व विभिन्न हितग्राहियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी कंपनी इसी प्रकार देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी । एनसीएल की इस उपलब्धि में कंपनी की सभी उत्पादन परियोजनाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है |













