महंगाई और बिजली संकट पर कांग्रेस का हल्ला बोल, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली (माडा)। महंगाई, बिजली संकट और ईंधन की कमी को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माडा ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में वृद्धि और पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता और किसान बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
ये प्रमुख मांगें उठाईं
कांग्रेस नेताओं ने गैस सिलेंडर के दाम कम करने और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से जले ट्रांसफार्मर और खराब केबल को तत्काल बदलने तथा बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने की बात कही। जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी दूर कर नियमित आपूर्ति बहाल करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
इसके अलावा गरीबों और किसानों से बिजली बिल के नाम पर हो रही कथित मनमानी वसूली पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर महंगाई ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है, वहीं दूसरी ओर बिजली संकट से ग्रामीण इलाकों में हालात खराब हैं। यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।













