स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, 6 अप्रैल को होगा वृहद आयोजन

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस (6 अप्रैल) को लेकर सिंगरौली में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह के नेतृत्व में आयोजित विशेष बैठक में कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की रणनीति तय की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, पूर्व विधायक सुभाष वर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे। इस दौरान स्थापना दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार करते हुए जिला स्तर पर एक विशेष टोली का गठन किया गया। लालपति साकेत को जिला संयोजक बनाया गया, जबकि प्रदीप शाह, विजया सिंह और संदीप झा को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 5 अप्रैल को जिला और मंडल कार्यालयों की सजावट की जाएगी, जबकि 6 अप्रैल को स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाएंगे। साथ ही कार्यकर्ता सम्मेलन और उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें पार्टी के इतिहास और सिद्धांतों पर प्रकाश डाला जाएगा।
इसके अलावा 7 से 12 अप्रैल तक “गांव-गांव, बस्ती चलो अभियान” चलाया जाएगा, जिसमें सांसद, विधायक और सभी पदाधिकारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। 8 और 9 अप्रैल को जिला कार्यालय में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन भी आयोजित होगा।
बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटें, ताकि सिंगरौली जिला संगठन प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बनाए रखे।













