कमर्शियल गैस महंगी: 195.50 रुपए की बढ़ोतरी, कारोबारियों पर बढ़ा बोझ

नई दिल्ली। मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जेब पर भी दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम बढ़ने के चलते सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 195.50 रुपए की भारी वृद्धि कर दी है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं, जिससे व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता बढ़ गई है।
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर अब 2,078.50 रुपए का हो गया है। इससे पहले 1 मार्च को भी इसके दामों में 114.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।
हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के दाम अभी 913 रुपए पर स्थिर हैं, जिनमें आखिरी बढ़ोतरी 7 मार्च को 60 रुपए की हुई थी।













