हाईवे पर बड़ा हादसा: 30 फीट खाई में गिरा हाईवा, चालक-हेल्पर घायल

जबलपुर। मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। टिकरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सहजनी के पास मंडला से जबलपुर आ रहा एक हाईवा अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और हेल्पर घायल हो गए।
घटना के बाद हेल्पर वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही डायल-112 और टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वाहन में चालक रंजीत यादव (25) और हेल्पर अंकित यादव (22) सवार थे। चालक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।
दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।













