रेल कर्मचारियों को बड़ी राहत: पढ़ाई के दौरान नहीं खाली करना होगा सरकारी क्वार्टर

जबलपुर। रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब उच्च शिक्षा या विशेष प्रशिक्षण के लिए जाने वाले रेलकर्मियों को सरकारी आवास खाली नहीं करना होगा। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में नया आदेश जारी कर पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर सहित सभी जोनों को निर्देश भेज दिए हैं।
नए नियम के अनुसार, यदि कोई कर्मचारी स्टडी लीव पर अधिकतम दो वर्ष के लिए जाता है, तो वह सामान्य लाइसेंस शुल्क देकर अपना क्वार्टर अपने पास रख सकेगा। इसके साथ ही, किसी भी स्वीकृत प्रशिक्षण या पोस्टिंग के इंतजार की स्थिति में भी आवास की सुविधा जारी रहेगी।
रेलवे बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी प्रकार की आधिकारिक छुट्टियों के दौरान कर्मचारियों को आवास खाली करने की आवश्यकता नहीं होगी।
30 मार्च को जारी इस आदेश से हजारों रेलकर्मियों को लाभ मिलेगा। अब वे बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण पूरा कर सकेंगे।













