प्रवेश उत्सव के साथ नए सत्र की शुरुआत, विद्यार्थियों का हुआ गर्मजोशी से स्वागत

सिंगरौली- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत प्रवेश उत्सव के रूप में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया और नवप्रवेशित विद्यार्थियों का विशेष स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं स्टाफ ने बच्चों का तिलक लगाकर तथा पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया। नवप्रवेशित बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली, वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की। इस मौके पर विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में विद्यालय के प्रति जुड़ाव बढ़ता है और वे नियमित रूप से पढ़ाई के लिए प्रेरित होते हैं। शिक्षकों ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य अरुण कुमार दुबे ने कहा कि शिक्षा ही वह मजबूत आधार है, जिस पर बच्चों का भविष्य निर्मित होता है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।













