मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में बदला मौसम: बारिश से भीषण गर्मी से मिली राहत, लेकिन किसानों के माथे पर खिंची चिंता की लकीरें

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और बैढ़न सहित जिले के कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से तेज बारिश हुई। इस अचानक हुए मौसम परिवर्तन से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान जहां 36 से 38 डिग्री के आसपास था, वहीं बुधवार को बारिश के कारण यह गिरकर 30 से 32 डिग्री पर पहुंच गया। तापमान में आई इस गिरावट से मौसम काफी सुहावना हो गया है।

बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल पर खतरा
आम जनता के लिए राहत बनकर आई यह बेमौसम बारिश किसानों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गई है। वर्तमान में जिले में गेहूं की फसल या तो पूरी तरह से पककर खेतों में खड़ी है, या फिर कटाई के बाद खलिहानों में रखी हुई है। ऐसे में बारिश के कारण फसल के खराब होने की प्रबल आशंका पैदा हो गई है। किसानों का डर है कि यदि बारिश का यह सिलसिला आगे भी जारी रहता है, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

अगले 1-2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में अगले एक से दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम के इस रुख को देखते हुए जिला प्रशासन और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने और बचाव के उचित उपाय अपनाने में कोताही न बरतें।

Author

Related Articles

Back to top button