मध्य प्रदेशसिंगरौली

30 फीट गहरे बोरवेल में गिरी बकरी, ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

सिंगरौली। देवसर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्सी के टोला भाट में एक बकरी के खुले बोरवेल में गिरने से हड़कंप मच गया। महेश कोरी की बकरी खेत में बने करीब 30 फीट गहरे और खुले बोरवेल में गिर गई, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। युवा समाजसेवी अरुण कुमार साहू के प्रयास से ग्रामीणों को एकजुट किया गया और चंदा इकट्ठा कर जेसीबी मशीन मंगाई गई। इसके बाद बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदकर बकरी तक पहुंचने का प्रयास किया गया।

कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद ग्रामीणों ने बकरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान राम अवतार साहू, श्याम कुमार साहू, छोटेलाल साहू, रघुनाथ कोरी, लवकुश कोरी, बुद्धिमान कोरी और सीताशरण प्रजापति सहित कई लोगों ने अहम भूमिका निभाई।

बताया जा रहा है कि बकरी की कीमत करीब 12 हजार रुपये है। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू में सक्रिय भूमिका निभाने वालों की सराहना की।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले बोरवेलों को सुरक्षित तरीके से बंद कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button