बाल कल्याण समिति की तत्परता से नाबालिग बालिका सुरक्षित परिजनों को सौंपी

सिंगरौली। बाल कल्याण समिति सिंगरौली की सक्रिय पहल से एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराकर सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया गया। मामला देवसर/जियावन थाना क्षेत्र से जुड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालिका को एक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया था, जहां उसे कुछ समय तक अपने कब्जे में रखा गया। बाद में उसे अन्य स्थानों पर भी ले जाया गया। किसी तरह बालिका आरोपियों के चंगुल से निकलकर मनेंद्रगढ़ (छत्तीसगढ़) पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहां से बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसे सिंगरौली भेजा गया।
बाल कल्याण समिति सिंगरौली द्वारा बालिका की काउंसलिंग कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। साथ ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
समिति द्वारा परिजनों की काउंसलिंग एवं आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया के बाद बालिका को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई में बाल कल्याण समिति, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।











